बहराइच/मिहींपुरवा/नानपारा/कैसरगंज/पयागपुर। नगर निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य शुरू हो गया। सुबह 11 बजे से लेकर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री के दौरान प्रत्याशियों ने पर्चों की खरीदारी की। पहले ही दिन अध्यक्ष पद के लिए 66 व सभासद के लिए 214 नामांकन पत्रों की खरीद हुई। नगर पालिका परिषद नानपारा के लिए पहले दिन एक भी नामांकन पत्र नहीं बिका। अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा कैसरगंज नगर पंचायत में 18 तो सबसे कम तीन नामांकन पत्र रिसिया नगर पंचायत के लिए बिके।
नगर निकाय की अधिसूचना के बाद मंगलवार को नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ चुनावी बिगुल बज गया। पहले दिन ही नामांकन पत्र खरीदने वालों की भीड़ देखने को मिली। भारी सुरक्षा के बीच सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य शुरू हुआ। 17 अप्रैल तक चलने वाली नामांकन पत्रों की बिक्री व नामांकन पत्र दाखिल करने की अवधि के पहले दिन भारी मात्रा में विभिन्न पदों के लिए 280 नामांकन पत्र बिके। 144 वार्डों के लिए होने वाले चुनाव के लिए पहले दिन ही इतने नामांकन पत्र बिकने से इस बार चुनाव में काफी संख्या में प्रत्याशियों के उतरने की उम्मीद है।
पहले दिन नगर पालिका परिषद नानपारा के लिए एक भी नामांकन पत्र नहीं बिका। बहराइच नगर पालिका परिषद के लिए पांच नामांकन पत्र बिके। अगर बात नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों की करी जाए तो रिसिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन, पयागपुर के लिए सात, जरवल के लिए 15, कैसरगंज के लिए 18, रुपईडीहा के लिए 12, मिहींपरुवा के लिए छह, नगर पालिका परिषद बहराइच के लिए पांच नामांकन पत्र बिके। नगर पालिका परिषद नानपारा के लिए कोई खरीद नहीं हुई।
सावधानी के लिए खरीदे दो-दो सेट नामांकन पत्र
पहले दिन काफी संख्या में नामांकन पत्र बिकने के पीछे प्रत्याशियों के बीच नामांकन पत्र खारिज होने का डर भी रहा। पहले दिन विभिन्न तहसीलों में बनाए गए स्टॉलों से नामांकन पत्र खरीदने आए प्रत्याशियों ने दो-दो सेट नामांकन पत्र खरीदा। इस दौरान प्रत्याशियों ने बताया कि वह ऐसा त्रुटि होने पर नामांकन पत्र खारिज होने के अंदेशे से कर रहे हैं।
पहले ही दिन खुली तैयारियों की पोल
नगर निकाय चुनाव के लिए भले ही मंगलवार से नामांकन पत्रों की बिक्री का काम शुरू हो गया, लेकिन पहले दिन ही तैयारियों की पोल खुल गयी। आलम यह रहा कि सहायक निर्वाचन अधिकारी को जिले में कितने नामांकन पत्र बिके इसकी जानकारी नहीं रही। नामांकन पत्रों की बिक्री को लेकर जब निर्वाचन कार्यालय पंचायत में फोन किया गया तो कोई भी बिक्री हुए नामांकन पत्रों की सूचना नहीं दे सका। सहायक निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने सिर्फ नामांकन होने पर सूचना इकट्ठा करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
नामांकन पत्रों की बिक्री
नगर निकाय वार्ड अध्यक्ष सभासद
नगर पालिका बहराइच 34 05 20
नगर पालिका नानपारा 25 00 16
नगर पंचायत रिसिया 11 03 16
नगर पंचायत पयागपुर 15 07 14
नगर पंचायत जरवल 13 15 26
नगर पंचायत कैसरगंज 16 18 65
नगर पंचायत मिहींपुरवा 15 06 43
नगर पंचायत रुपईडीहा 15 12 14