बहराइच (ब्यूरो)। अवध विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं आज से शुरू होंगी। किसान डिग्री कॉलेज में दोनों पालियों में 1850 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि बहराइच के सभी 28 महाविद्यालयों में लगभग 22 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
इसके लिए सोमवार को सभी महाविद्यालयों में प्रवेश पत्र लेने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ी। परीक्षा की तैयारी पूरी होने का दावा महाविद्यालय प्रशासन कर रहा है।
किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि अवध विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सिटिंग प्लान दुरुस्त कर लिया गया है। सुबह सात बजे छात्रों के प्रवेश के लिए परीक्षा भवन खोल दिया जाएगा। प्रथम पाली में सुबह आठ से 11 बजे तक स्नातक प्रथम वर्ष अर्थशास्त्र, बीकॉम प्रथम और बीएएसी तृतीय वर्ष की परीक्षाएं होंगी।
उन्होंने कहा कि द्वितीय पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक बीकॉम द्वितीय, बीए द्वितीय वर्ष और अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी, जिसमें 825 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि नकलविहीन परीक्षा कराने की पूरी कोशिश है।
डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने कमला देवी स्मारक महाविद्यालय के परीक्षार्थियों का भी परीक्षा केंद्र किसान पीजी कॉलेज को बनाया है।