पयागपुर के आर्यावर्त बैंक में आधार बनाते कर्मचारी।
बहराइच। जिले में आधार कार्ड बनवाने और संशोधन करवाने में लोगों को आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डीएम मोनिका रानी ने जिले में 21 नए आधार पंजीकरण केंद्र खोलने का आदेश दिया है। साथ ही संबंधित विभाग से बीते तीन माह में बने आधार कार्डों का ब्योरा तलब किया गया है। वहीं मंगलवार को पयागपुर में लगे कैंप में 100 लोगों ने आधार कार्ड बनवाए। डीएम ने बताया कि आगामी 15 दिनों के अंतराल में सभी नए आधार पंजीकरण केंद्रों का संचालन शुरू कराया जाएगा। इससे लोगों को काफी सुविधाएं मिल सकेंगी।
आधार कार्ड बनवाने के लिए इस समय लोगों को जिले में इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इस समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डीएम मोनिका रानी ने नए आधार पंजीकरण केंद्र खोलने के निर्देश अफसरों को दिए हैं। डीएम के स्तर से दिए गए निर्देश के तहत सभी 14 ब्लॉक मुख्यालय व छह तहसील मुख्यालय व कलेक्ट्रेट में एक-एक आधार पंजीकरण केंद्र खोला जाएगा। जबकि बैंक, डाकघर व अन्य जगहों पर जिले में करीब 110 आधार पंजीकरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। लेकिन इन जगहों पर नेटवर्क आदि की समस्या को लेकर लोगों को सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आधार बनवाने के लिए कई दिनों तक लोगों को दौड़ लगानी पड़ रही है।
डीएम मोनिका रानी ने बताया कि सीएमओ, बीएसए, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत संबंधित विभागीय अधिकारियों से इसकी जानकारी मांगी गई है कि उनके विभाग द्वारा लगाए गए आधार पंजीकरण कैंप में बीते तीन माह में कितने आधार कार्ड बन सके हैं। डीएम ने बताया कि आगामी पंद्रह दिनों के अंतराल में नए आधार पंजीकरण केंद्रों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। डीएम ने कहा यदि इस काम में किसी की लापरवाही सामने आएगी तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कैंप में बने 100 आधार कार्ड
पयागपुर में मंगलवार को आधार कार्ड बनाने लिए कैंप लगाया गया। यहां करीब 100 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए। उपजिलाधिकारी दिनेश कुमार ने नए आधार कार्डों के बनाने में हो रही दिक्कतों के संबंध में बताया कि पयागपुर विकासखंड में छह सेंटर खोले गए हैं। इनमें तीन लोकवाणी केंद्र भी शामिल है। जहां आधार कार्ड में हुई त्रुटियों को सुधारा जाएगा। जबकि आर्यावर्त ग्रामीण बैंक, पोस्ट ऑफिस और बीआरसी कार्यालय पर नए व पुराने आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। उपजिलाधिकारी ने बताया कि 18 साल से नीचे आयु वर्ग का नया आधार कार्ड ही वहां बनेगा शेष के लिए जिले पर व्यवस्था की गईं है। ऐसे में आधार कार्ड बनवाने के लिए अब लोगों को जगह-जगह भाग दौड़ नही करनी पड़ेगी।