बहराइच। जरवलरोड थाना अंतर्गत दिकौली गांव निवासी शिक्षामित्र विमल दीक्षित शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उन्हें सीएचसी फखरपुर ले जाया गया। वहां बिना इलाज के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में पहुंचते ही विमल ने दम तोड़ दिया। इस पर उनके साथ मौजूद लोग भड़क उठे। चिकित्सक और चिकित्साकर्मियों के साथ हाथापाई करते हुए तोड़फोड़ की। रात में ही शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में अस्पताल के इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. भरतलाल की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने अस्पताल में हंगामा, तोड़फोड़ के मामले में अमृतलाल निवासी सरयू नगर कोतवाली देहात समेत 50 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 325, 323, 332,353, 427, 504, 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। उधर सड़क हादसे के मामले में मृतक के भाई प्रमोद कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।