बेकाबू पिकअप ने तोड़ा रेलवे गेट
मोतीपुर (बहराइच)। मिहींपुरवा-परवानीगौढ़ी मार्ग पर स्थित रेल क्रॉसिंग गेट बंद होने के बावजूद एक पिकअप चालक तेज रफ्तार से गुजरा, जिसके चलते गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। इस मामले में गेटमैन ने थाने पर तहरीर दी है। मोतीपुर थाना अंतर्गत मिहींपुरवा रेलवे स्टेशन के निकट परवानीगौढ़ी-मिहींपुरवा रेल क्रॉसिंग समपार फाटक संख्या 78/सी स्थित है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मैलानी-बहराइच प्रखंड पर ट्रेन संचालन के चलते गेटमैन सतेंद्र कुमार ने फाटक बंद किया था। इसी दौरान मिहींपुरवा की ओर से आया तेज रफ्तार पिक अप वाहन गेट को तोड़ते हुए निकल गया। आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बचे। इस मामले में गेटमैन सतेंद्र ने मोतीपुर थाने में चालक के खिलाफ तहरीर दी है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।