मेडिकल कॉलेज के चिल्ड्रेन वार्ड में एक सप्ताह में भर्ती हुए 190 बच्चे
पीआईसीयू वार्ड फुल, 10 बेडों पर 13 बच्चे भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। जिले में बुखार का प्रकोप तेज हो गया है। बच्चे तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में वायरल से पीड़ित बच्चों की लाइन लग रही है। शुक्रवार काे दोपहर तक सर्दी-जुकाम व बुखार से पीड़ित 11 बच्चों को मेडिकल कॉलेज स्थित चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया। पीआईसीयू वार्ड में 10 बेडों पर 13 बच्चे भर्ती हैं। वहीं एक सप्ताह में 190 बच्चे भर्ती कराए गए हैंं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.अरविंद शुक्ला का कहना है कि मौसम बदलने पर खासकर बच्चे अधिक परेशान होते हैं। क्योंकि इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बहुत कम होती है। ऐसे में अभिभावकों को इनका विशेष ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों की अपेक्षा सर्दी-जुकाम व बुखार के बच्चे बढ़े हैं।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी है कि धूप तेज होने लगी है। ऐसे में बच्चों को जहां तक हो सके दोपहर में बाहर लेकर न चलें। ठंडा गर्म खाने को न दें, इससे सर्दी-जुकाम बच्चों में होने की संभावना बढ़ जाती है। यदि बेहतर देखभाल की जाए, तो बच्चे बीमार नहीं पड़ेंगे।