बहराइच। दीवानी न्यायालय परिसर स्थित जिला अधिवक्ता संघ के भवन में शनिवार को शपथ आयुक्त के चुनाव में नामांकन का कार्य हुआ। इस दौरान शपथ आयुक्त के सात पदों पर 12 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
शपथ आयुक्त के पद पर आयोजित नामांकन का कार्य संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष धनुधारी, प्रशांत कुमार, ट्रेजरार रमेशचंद्र तिवारी, संयुक्त सचिव पंकज कुमार मिश्रा और रमन कुमार सिंह की देखरेख में सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ। नामांकन के दौरान शपथ आयुक्त के पूल इंचार्ज /अध्यक्ष बहराइच के पद पर सुरेंद्र कुमार पाठक, तहसील पयागपुर से सत्यप्रकाश द्विवेदी व मृत्युंजय मिश्रा ने पर्चा दाखिल किया।
दीवानी कैशियर बहराइच के पद पर ऋषि कुमार श्रीवास्तव, सतीश कुमार त्रिपाठी, आनंद अवस्थी, तहसील पयागपुर कैशियर से बलराम त्रिपाठी, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, माल कैशियर बहराइच से अरविंद कुमार तिवारी, ऑडिटर बहराइच से धनलाल, पंकज कुमार पांडेय व ऑडिटर पयागपुर तहसील के पद पर मनीश कुमार मिश्रा ने अपना-अपना नामांकन दाखिल किया।
संघ के महामंत्री पुष्पांजलि नाथ मिश्रा ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से नामांकन का कार्य पूरा हो गया है। जांच के दौरान सभी नामांकन वैध मिले हैं। उन्होंने बताया कि तीन जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दो बजे तक होगा।