बडौत। मलकपुर गांव में मंगलवार देर रात घर से बुलाकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वाला युवक 12वीं का छात्र था और उसका शव बडौत-छपरौली रोड पर स्थित रजबहे में पड़ा मिला। उसकी कमर में गोली लगी थी। छात्र के पैर रजबहे के अंदर और ऊपर का आधा शरीर रजबहे के बाहर पड़ा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भी भिजवा दिया है। पुलिस ने मौके से शराब और पानी की बोतल बरामद की हैं।मंगलवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बडौत-मलकपुर रोड स्थित रजबहे किनारे एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर बडौत कोतवाली प्रभारी नोवेन्द्र सिंह सिरोही अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान मलकपुर निवासी यश (24) पुत्र हरेन्द्र के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। यश की हत्या से परिजनों में कोहराम मच गया। यश के पिता हरेंद्र खेती करते हैं और उसके एक छोटा भाई भी है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है।
पुलिस ने मौके से बरामद की शराब
बडौत। पुलिस के अनुसार छात्र के शव के पास शराब का पव्वा, शीतल पेय व पानी की बोतल भी रखी मिली है। पुलिस ने वहां से बरामद सामान को भी कब्जे में ले लिया है। इस दौरान सूचना पर डॉग स्क्वाड और फोरेसिंक जांच टीम भी मौके पर पहुंची और सुबूत जुटाए हैं। सूचना पर सीओ सवि रतन गौतम भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।