बिनौली (बागपत)। हिम्मतपुर सूजती गांव के एक युवक को हापुड़ में कुत्ते ने काट लिया। दो माह बाद हालत बिगड़ने पर परिजनों ने युवक को मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। संक्रमण से भयभीत परिवार के 32 लोगों ने मंगलवार को सीएचसी बिनौली पहुंचकर एंटी रेबीज के टीके लगवाए।
हिम्मतपुर सूजती गांव निवासी दीपक (28) पुत्र चंद्रपाल कश्यप दो माह पहले हापुड़ के कंडोला गांव में कोल्हू पर कार्य करने गया था। वहां पर उसे पैर में कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद वह अपने घर चला आया। भाई यशवीर ने बताया कि दीपक ने कुत्ते के काटने के बाद कोई भी टीका नहीं लगवाया था। जिस कारण नौ मार्च को उसकी हालत बिगड़ गई। वह अजीब हरकतें करने लगा, परिजनों ने उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। 17 मार्च को मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान दीपक की मौत गई। अंतिम संस्कार करने के बाद में परिवार के लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा बन गया और वह भयभीत हो गए।
ग्राम प्रधान सनुज राठी ने घटना की जानकारी सीएचसी बिनौली पर दी। मंगलवार को मृतक की मां ओमकली, पत्नी अनीता, बच्चे आदि, आदिका, भाई यशवीर, सतबीर, विपिन, चाचा मांगे, रविंद्र, जोड़ सिंह, गीता, सविता, सोनी, मेघा, रेणु, शिवानी, अन्नू, रितिक, नितिन, सावन, राजन, सागर सहित परिवार के बढ़े, बूढ़े, बच्चों सहित 32 लोगों ने सीएचसी बिनौली पहुंचकर एंटी रेबीज के टीके लगवाए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि मृतक के परिवार के 32 लोगों को एंटी रेबीज के टीके लगाएं गए हैं।
- पत्नी के कहने पर भी नही लगवाया टीका
यशवीर ने बताया कुत्ते के काटने के बाद दीपक हापुड़ से घर आ गया था। परिवार के लोगों और उसकी पत्नी अनीता ने भी उससे रेबीज का टीका लगवाने को कहा लेकिन उसने टीका नहीं लगवाया, दीपक टीका लगवा लेता तो उसकी मौत न होती।