बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्यौढ़ी गांव के पास बुधवार को ट्रैक्टर ट्राली से गिरकर युवक की मौत हो गई। मृतक युवक विकास (32) पुत्र धीर सिंह बावली गांव का रहने वाला था। वह बागपत में एक ईट भट्ठे पर मजदूरी का काम करता था। बुधवार को वह बागपत से एक ट्रैक्टर-ट्राली में बैठ कर गांव लौट रहा था। ट्यौढ़ी गांव के पास अचानक वह ट्राली से उछल कर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचा। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक के शव को गांव ले आए। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।