-लग्न की रस्म के दौरान डीजे पर नाचते हुए हुआ हादसा, महिला और एक युवक मेरठ रेफर
बड़ौत। शबगा गांव में रविवार देर शाम लग्न की रस्म के दौरान डीजे पर नाच रहे युवकों और एक महिला को करंट लग गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और एक अन्य युवक को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से दोनों को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की मौत से परिजन गममीन हैं।
शबगा गांव में एक व्यक्ति के यहां रविवार देर शाम लग्न की रस्म का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान जनरेटर से चल रहे डीजे पर नाच रहे सौरभ और नरेन्द्र को अचानक करंट लग गया। शोर सुनकर जब परिवार की एक महिला राजकली उन्हें बचाने के लिए दौड़ी तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। किसी तरह जनरेटर और डीजे को बंद कर परिजनों ने तीनों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में राजकली और नरेन्द्र को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की मौत से परिवार गमगीन है। सोमवार को युवक का बिना पीएम कराएं अंतिम संस्कार कर दिया गया।