बागपत, अमीनगर सराय। खिंदौड़ा गांव के जंगल में एक युवक की हत्या कर शव आम के बाग में फेंक दिया गया। शव की पहचान नहीं हो पाई है। एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
खिंदौड़ा-रामनगर मार्ग पर स्थित आम के बाग में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। प्रधान वीरेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। सिंघावली अहीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उसके गले पर पर निशान है, जिससे यह माना जा रहा है कि उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को वहां फेंका गया है।
एसपी नीरज कुमार जादौन भी घटनास्थल पर पहुंचे और वहां छानबीन की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।