तीसरे दिन भी यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
बागपत। हथिनीकुंड बैराज से मंगलवार को यमुना में 1.8 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिसके चलते यमुना का जलस्तर तीसरे दिन भी खतरे के निशान से ऊपर रहा। उधर, किनारों पर कटान भी जारी रहा।
यमुना व हिंडन नदी हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण उफान पर है। जलस्तर पर नजर रखने के लिए 11 बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उधर, पिछले तीन दिन से लगातार यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। मंगलवार को भी खतरे के निशान से ऊपर रहा। उधर, यमुना का जलस्तर बढ़ने पर किनारों पर खेती करने वाले किसानों की चिंता भी बढ़ रही है। हालांकि हिंडन नदी का जलस्तर सामान्य चल रहा है। एक्सईएन उत्कर्ष भारद्वाज का कहना है कि यमुना व हिंडन के जलस्तर पर बाढ़ चौकियों से नजर रखी जा रही है, बाढ़ के खतरे जैसी कोई स्थित नहीं है।