बागपत। खेल विभाग में कुश्ती कोच और जिला क्रीड़ा अधिकारी के बीच चल रहा विवाद अब डीएम कार्यालय पर पहुंच गया। परिवार के साथ डीएम कार्यालय पर पहुंचे कुश्ती कोच ने जिला क्रीड़ा अधिकारी पर शोषण करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। साथ ही संविदा समाप्त करने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया।
बड़ौत के बाबा शाहमल स्टेडियम के कुश्ती प्रशिक्षक सुखचैन ने डीएम को दी शिकायत में बताया कि जिला क्रीड़ा अधिकारी उन पर हर महीने रुपयों की मांग करती है और रुपये नहीं देने पर उत्पीड़न शुरू कर दिया और कई बार गलत व्यवहार भी किया गया। कोच ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त 2022 में जिला कुश्ती प्रतियोगिता में 33 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 70 खिलाड़ियों की भागीदारी दिखाने का भी दबाव बनाया गया। इसके अलावा धमकाकर इस्तीफा देने का दबाव बनाने और तीन महीने से वेतन नहीं देने का आरोप लगाया। कुश्ती कोच ने डीएम से जांच कराकर जिला क्रीडा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर डीएम ने इस प्रकरण में जांच बैठा दी। इस मामले में जिला क्रीडा अधिकारी सरिता रानी का कहना है कि कोच ने दो तीन दिन पहले कार्यालय में आकर उन्हें धमकी दी थी। जिसमें कार्रवाई की संस्तुति करने पर उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
पैमाइश कराने की मांग की
बागपत। निवाड़ा गांव के रहने वाले हाजी अबरार समेत अन्य लोगों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने यूपीएसआईडीसी के अधिकारियों पर नाले के बराबर के रास्ते पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने डीएम से पैमाइश कराकर कार्रवाई की मांग की। संवाद
पूर्व चेयरमैन के बेटे के निधन पर शोक जताया
बागपत। शहर की पूर्व चेयरमैन रीता चौहान के बेटे कपिल चौहान के निधन पर रालोद कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। जहां रालोद नेता ओमवीर सिंह ढाका, ठा. अजयवीर सिंह, रब्बान खान समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर आत्मा की शांति की कामना की। संवाद
धरनास्थल पर खड़ी कर दी गाड़ी
बागपत। पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नगर पालिका परिसर में दिनेश नारायण का धरना 16 वें दिन और क्रमिक अनशन सातवें दिन जारी रहा। दिनेश नारायण ने पुलिस पर जबरन धरना खत्म कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके धरनास्थल पर मंगलवार को गाड़ी खड़ी कर दी गई। जिसकी शिकायत एसपी से की गई। इस मौके पर भारतीय मानव अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय कुमार मुनी, ओमबीर सिंह तोमर, नीरज शास्त्री, लोकेश कुमार, प्रेमपाल सिंह समेत अन्य मौजूद रहे। संवाद
गोकशी का पांचवां आरोपी गिरफ्तार
बागपत। यमुना खादर में गोकशी की घटना में शामिल पांचवें आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि इस मामले में रसूलपुर दभेड़ी निवासी भूरा, रहीसू निवासी खेकड़ा, गुलजार उर्फ मोहसिन निवासी माता काॅलोनी, रिहान निवासी पुराना कस्बा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जबकि पांचवां आरोपी शमशाद निवासी हर्रा जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। जिसके खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज है। संवाद