बड़ौत (बागपत)। मलकपुर मिल में बुधवार देर रात ट्रक से कुलचने पर एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया जबकि चालक फरार हो गया।
जनपद कासंगज के थाना सघन गढ़ी के ग्राम देवकली निवासी साधु (45) पुत्र प्रीतम शुगर मिल मलकपुर में बिखरे गन्ने चेन में डालता था। वह बुधवार देर रात चेन स्थित तौल कांटे के समीप सो गया। देर रात गन्ने से लदे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर ट्रक कब्जे में लिया। साधु की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल अजय शर्मा का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। संवाद