-सावन में इस बार हैं आठ सोमवार, जयकारों से गूंजेंगे शिवालय
बड़ौत। सावन का महीना यानी देवो के देव महादेव की उपासना का महीना है। इस बार भक्तों को भगवान शंकर की आराधना करने के लिए 8 सोमवार मिल रहे हैं। इस वर्ष श्रावण मास 4 जुलाई से प्रारंभ होकर 31 अगस्त को समाप्त होगा। 18 जुलाई से 16 अगस्त तक पुरुषोत्तम मास रहेगा। इसे अधिक मास भी कहते हैं।
पंचवटी मंदिर के पुजारी पंडित कुंदन भारद्वाज ने बताया कि श्रावण मास में 9, 11, 12, 17, 23, 27, 28 और 30 जुलाई को और अगस्त मास में 6, 8, 9, 14, 15, 20, 24, 25, 27 और 28 तारीख को सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग रहेंगे। इन तिथि पर अपने आवश्यक कार्यों को कर लेने से शीघ्र सफलता मिलने का योग बन जाता है। बताया कि इस बार सावन के आठ सोमवार 10, 17, 24 और 31 जुलाई को अगस्त माह में 7, 14, 21 और 28 अगस्त को पड़े आएंगे। सावन मास के मंगलवार को मंगला गौरी की पूजा सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए करती हैं। पुरुषोत्तम मास होने के कारण श्रावण मास में 9 मंगलवार आएंगे 4, 11, 18, 25 जुलाई माह में और अगस्त माह में 1, 8, 15, 22, 29 तारीख में आएंगे। इसमें भगवान शिव और मंगला गौरी की पूजा बड़ी श्रद्धा और भक्ति से की जाती है।