-रोशनगढ़ गांव का मामला, बच्ची की मां ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
फोटो 12
संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। रोशनगढ़ गांव में घर के बाहर खेल रही पांच साल की बच्ची के साथ पड़ोस के एक युवक ने पहले मारपीट की और फिर अपने घर ले जाकर आंख में लकड़ी मार दी, जिससे उसे दिखाई देना बंद हो गया। बच्ची की मां ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
रोशनगढ़ गांव के रहने वाले वाली सलमा पत्नी सावेद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो दिन पहले उसकी पांच वर्षीय बेटी आयत घर के बाहर खेल रही थी, तभी पड़ाेस का रहने वाला युवक वहां आ गया। बताया कि किसी बात को लेकर पहले युवक ने उसकी बेटी आयत को काफी धमकाया और फिर पिटाई कर दी। इसकी शिकायत बेटी ने घर जाकर की। इसके बाद आरोपी युवक उसकी बेटी को अपने घर ले गया और वहां उसकी आंख में लकड़ी मार दी। शोर-शराबा सुनकर लोग वहां गए तो आरोपी युवक ने उन्हें भी धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। गणमान्य लोगों ने बच्ची का इलाज कराने की बात कहकर समझौता करा दिया, लेकिन आरोपी बाद में उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी प्रदीप ढौडियाल का कहना है कि तहरीर मिल गई है, जिसकी जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।