-रात के अंधेरे में बिना अनुमति लगा दिया ट्रांसफार्मर, आने-जाने में हो रही दिक्कत
-सूचना पर पहुंची पुलिस ने कराया मामला शांत, धरना शुरू करने की दी चेतावनी
फोटो संख्या 6
बड़ौत। बिनौली रोड पर गली में विद्युत ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के विरोध में मंगलवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने समस्या को लेकर हंगामा किया और ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो बिजरौल मार्ग स्थित एक्सईएन द्वितीय कार्यालय पर धरना देंगी। इसका जिम्मेदार खुद विभाग होगा।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि गली की चौड़ाई मात्र 12 फीट है। ऐसे में उसके मुहाने पर दो बड़े आकार के विद्युत पोल खड़े कर दिए हैं, जिससे गली और संकरी हो गई है और यहां से वाहनों का आना-जाना मुश्किल हो जाएगा। आरोप लगाया कि रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करा रहे ठेकेदार ने ऊर्जा निगम के अफसरों से मिलीभगत कर इसको शिफ्टि कराया है। चेतावनी दी कि अगर समस्या का जल्द हल नहीं निकला तो एक्सईएन द्वितीय कार्यालय पर धरना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को शांत किया। प्रदर्शनकारियों में अनीता, बबली, विभा जैन, रजनी, ओमवती, सोमना आदि शामिल थीं। इस संबंध में एक्सईएन द्वितीय केपी पुरी ने बताया कि रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बना रही कंपनी के ठेकेदार को ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की अनुमति दी गई थी। यदि पोल गलत जगह लगाए गए हैं तो स्थानीय लोगों की सहमति के आधार पर ही सही जगह शिफ्टिंग करा दिया जाएगा।
मुकेश पंवार