-बीएसए ने मसालों की खरीद के लिए बीईओ से विद्यालय वार डिमांड उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे-मील के मसालों की सप्लाई की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दी जाएगी। जुलाई माह तक मासालों का मूल्य निर्धारित कर विद्यालय पर महिलाओं से जरूरत के अनुसार मसाले मंगवाए जाएंगे।
ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नई पहल की गई है। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए कम दाम पर अच्छे मसाले उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी समूहों को सौंपी जाएगी। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कराई जा रही है। बीएसए ने सभी बीईओ से विद्यालय वार मसालों की डिमांड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही सीडीओ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उपायुक्त बीबीसिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी कीर्ति, वित्त एवं लेखाधिकारी बैठक कर मसालों के दाम तय करेंगे। दाम पर सहमति बनने पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के 535 विद्यालयों में जरूरत के आधार पर मिशन के उपायुक्त डिमांड भेजी जाएगी। इसके बाद स्वयं सहायता समूह की सहायता से विद्यालयों में मसाले उपलब्ध कराएंगे।
-
वर्जन-ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में मिड-डे-मील के लिए प्रयोग में आने वाले मसाले उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सभी बीईओ से ब्लॉक वार जरूरत के आधार पर मसालों की डिमांड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
- कीर्ति, बीएसए