बड़ौत। नगर की गुराना रोड पर शुक्रवार रात एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। सूचना पर मायके वाले पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। पति सहित अन्य को नामजद करते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांगनौली गांव की रहने वाली शोभा उम्र 38 पुत्री प्रेमपाल की शादी वर्ष 2006 में नगर की गुराना रोड पर रहने वाले रवि के साथ हुई थी। शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। जब मायके वालों को सूचना लगी तो वे शनिवार को मौके पर पहुंचे। ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो मायके वालों की उनके साथ नोकझोंक हुई। किसी तरह पुलिस ने मामला शांत किया। इस दौरान मृतका की बहन कीर्ति ने बताया कि रात में ही उनके पास फोन आया कि शोभा की बीमारी के चलते मौत हो गई। आरोप लगाया कि महिला की फांसी लगाकर हत्या की गई है।
शनिवार शाम जैसे ही महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद वापस बड़ौत पहुंचा तो फिर से मायके पक्ष के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि घटना को 12 घंटे से अधिक का समय गुजर गया,लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इंस्पेक्टर ने जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही हंगामा करने वाले लोग शांत हुए। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि मृतका की बहन की तहरीर पर जांच की जा रही है, जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मृतिका शोभा का फाइल फोटो