- बागपत में अधिकतर दुकानों पर दो हजार का नोट लेने से साफ इंकार किया जा रहा
- कुछ दुकानों पर 1900 रुपये में लिया जा रहा दो हजार का नोट, लोग हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दो हजार रुपये के नोट को चलन से बाहर करने की घोषणा के बाद से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पेट्रोल पंपों पर 200 रुपये से ज्यादा का पेट्रोल डलवाने पर ही दो हजार का नोट लेने के नोटिस चस्पा कर दिए गए है तो बागपत में अधिकतर दुकानों पर दो हजार का नोट लेने से दुकानदार इंकार कर रहे है। अगर कोई नोट लेता है तो वह 1900 रुपये में दो हजार का नोट लेते है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने सितंबर 2023 से दो हजार के नोट को चलन से बाहर करने की घोषणा की है। दो हजार के नोट को चलन से बाहर करने की घोषणा के बाद दुकानदारों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है तो लोगों को चूना भी खूब लगाया जा रहा है। बाजार में दो हजार का नोट लेकर आने वाले लोगों को पहले नोट बंद होने की बात कही जाती है। अगर कोई नियमों का हवाला देता है तो उसका नोट 1900 रुपये में लियाा जाता है। इस तरह से बाजार में दो हजार रुपये का नोट बंद होने की घोषणा के बाद से फायदा भी उठाया जा रहा है।
पेट्रोल पंप पर नोटिस कर दिया चस्पा
पेट्रोल पंपों पर भी दो हजार के नोट को लेकर नोटिस चस्पा किया गया है। नोटिस में लिखा गया है कि पेट्रोल पंप से 50, 100 और 200 रुपये तक का डीजल और पेट्रोल लेने पर दो हजार का नोट स्वीकार नहीं किया जाएगा। पेट्रोल पंप पर 200 रुपये से अधिक का पेट्रोल या डीजल की खरीद करने पर ही दो हजार का नोट स्वीकार किया जाएगा।
1900 में लिया दो हजार का नोट
बागपत में भट्ठे पर काम करने वाले अरुण ने बताया कि वह घर रुपये भेजने के लिए आया था। कैफे संचालक ने नोट बंद होने की बात कहकर पहले तो दो हजार रुपये का नोट लेने से इंकार कर दिया। बाद में उसने दो हजार रुपये के बदले 1900 रुपये खाते में भेजे है। उससे दो हजार रुपये जमा करने के लिए सौ रुपये अधिक लिए गए है।
दो हजार का नोट लेने से इंकार किया
बागपत के रहने वाले अजमू ने बताया कि वह दुकान पर सामान लेने गया था तो उससे दो हजार रुपये का नोट लेने से इंकार कर दिया। वह पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो वहां उसने दो सौ रुपये का पेट्रोल डलवाया, लेकिन तब भी दो हजार रुपये का नोट लेने से इंकार कर दिया। तब उसने सौ-सौ के दो नोट दिए।
नोट नहीं लेने पर की जाएगी कार्रवाई
सरकार ने सितंबर माह के बाद दो हजार का नोट चलन से बाहर करने की घोषणा की है। इस समय कोई दो हजार का नोट लेने से इंकार करता है या फिर अतिरिक्त शुल्क लगता है तो यह गलत है। इसकी अधिकारियों के पास शिकायत कर सकते है और उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। राजेश पंत, एलडीएम