बैठक में भाग लेते ईट निर्माता समिति के पदाधिकारी व सदस्य
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। ईंट भट्ठा उद्योग पर जीएसटी बढ़ाने व कोयले के दामों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में बृहस्पतिवार को बड़ौत रोड पर स्थित भट्ठे पर ईंट निर्माता समिति की बैठक हुई। जिसमें अखिल भारतीय ईट निर्माता महासंघ के आह्वान पर दस नवंबर को ईंट भट्ठा मालिक और मजदूर दिल्ली के रामलीला मैदान से संसद तक मार्च निकालकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
वैष्णो ब्रिक फील्ड पर आयोजित बैठक में ईंट निर्माता समिति के महामंत्री नीरज नैन ने कहा कि ईंट भट्ठा उद्योग पर जीएसटी बढ़ाई जाने व कोयले के दामों में बढ़ोतरी होने से भट्ठा मालिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे ईंट भट्ठा उद्योग पर संकट मंडराने लगा है।
समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण ईंट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे। दस नवंबर को ईंट भट्ठा मालिक व मजदूर दिल्ली कूच करेंगे और रामलीला मैदान से पैदल यात्रा कर संसद तक जाएंगे। बैठक में समिति के संरक्षक आनंद पाल राणा, इंद्रपाल, विनोद गोयल, अरुण ढाका, पंकज, पप्पू गोयल, नवीन जैन, राजेश सिंघल, गुलाब सिंह, कुलदीप शर्मा, ओम सिंह राणा, सतीश मास्टर मौजूद रहे।