बागपत। डौला से अमीनगर सराय होते हुए बुढ़सैनी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद अब सड़क निर्माण शुरू कर दिया गया है। निर्माण पूरा होने पर 20 से अधिक गांवों के ग्रामीणों और पुरा मंदिर आने वाले कांवड़ियोंं को सुविधा मिलेगी।
अमीनगर सराय से बुढसैनी के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पर शासन ने 13.24 करोड़ रुपये बजट मंजूरी दी थी। इसके बाद दस करोड़ रुपये में मार्ग के चौड़ीकरण का ठेका छोड़ा गया। लोनिवि के अफसरोंं ने आचार संहिता लागू होने से पहले अमीनगर सराय-बुढ़सैनी मार्ग का चौड़ीकरण शुरू करा दिया। इसके बाद चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद ठेकेदार ने सड़क बनानी शुरू कर दी। मार्ग का चौड़ीकरण होने से पुरा मंदिर आने वाले लाखों कांवड़ियों और श्रद्धालुओंं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इन गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
अमीनगर सराय से पुरा मार्ग के चौड़ीकरण से बागपत जिले के सैडभर, बुढ़सैनी, मतानतनगर, हरियाखेड़ा, पुरा महादेव, मवीकलां, मवीखुर्द, हबीबपुर नंगला, डौलचा और मेरठ जिले के उकसिया, थिरोट, कल्याणपुर, उखलीना, डालमपुर, आटा चिंदौड़ी समेत अन्य गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
अमीनगर सराय-बुढ़सैनी मार्ग पर पहले से काम चल रहा है, जिस पर सड़क बनने लगी है। निर्धारित समय में काम पूर्ण करा दिया जाएगा। - अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि।