बागपत। जिसकी हत्या का डेढ़ साल पहले मुकदमा दर्ज कराया गया था, अब उसके पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद होने का दावा किया गया है। वहीं, शव से लिए गए डीएनए सैंपल का पिता व भाई के साथ भी मिलान नहीं हो सका। जेल में बंद इस कथित हत्या के एक आरोपी के भाई ने प्रधानमंत्री को चिट्ठी भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
गाजियाबाद जिले के डिडौली गांव में 12 अगस्त 2022 को एक युवक का शव मिला था, जिसका पुलिस ने लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया था। कुछ दिन बाद गाजियाबाद के नेकपुर गांव निवासी तेजपाल ने कपड़े देखकर शव की पहचान अपने बेटे तेजवीर उर्फ जोनी के रूप में की थी। साथ ही नेकपुर गांव निवासी सतीश उर्फ पप्पू, सतीश उर्फ लीलू, चमरावल गांव निवासी डेयरी संचालक गौरव त्यागी और बिट्टू उर्फ प्रदीप के खिलाफ मुरादनगर थाने में हत्या समेत एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और घटनास्थल वाले थाना चांदीनगर में जांच ट्रांसफर कर दी।
सीओ ने जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। इसमें पुलिस ने शव के सैंपल का मिलान करने के लिए मृतक तेजवीर उर्फ जोनी के पिता तेजपाल, भाई सौरभ के डीएनए सैंपल प्रयोगशाला भेजा। आरोपी पक्ष के अधिवक्ता अनुज ढाका के मुताबिक डीएनए जांच रिपोर्ट में शव के सैंपल से पिता व भाई के सैंपल का मिलान नहीं हो पाया है।
उक्त कथित हत्या के मुकदमे में जेल में बंद आरोपी गौरव त्यागी के भाई सौरभ त्यागी ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर मृतक बताए गए तेजवीर उर्फ जोनी के पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद होने का दावा किया है। सौरभ त्यागी ने हत्या का फर्जी मुकदमा दर्ज कराए जाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
दिल्ली से खुफिया एजेंसी भी जांच करने पहुंची
अधिवक्ता अनुज ढाका के अनुसार नेकपुर गांव के तेजवीर उर्फ जोनी के बारे में जानकारी लेने के लिए दिल्ली की खुफिया एजेंसी की टीम भी गाजियाबाद जिले के नेकपुर गांव में जांच के लिए पहुंची थी। इसके बाद कचहरी परिसर में भी जानकारी हासिल की। हालांकि खुफिया एजेंसियों ने अभी तक अपनी रिपोर्ट नहीं भेजी।
आरोपी ने जेल से मांगी आरटीआई
बागपत जेल में बंद गौरव त्यागी ने तेजवीर उर्फ जोनी के बारे में जानकारी लेने के लिए गृह मंत्रालय से आरटीआई के तहत सूचना मांगते हुए दावा किया कि पाकिस्तान के लाहौर की जेल में तेजवीर उर्फ जोनी नाम का भारत का युवक बंद है। गृह मंत्रालय की तरफ से उसे पत्र भेजकर कहा गया है कि इसकी सूचना जल्द दी जाएगी।
तेजवीर उर्फ जोनी की हत्या का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। मृतक के पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद होने के बारे में एक व्यक्ति ने जानकारी दी है लेकिन अभी तक कोई पत्र नहीं मिला। पत्र मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - प्रीता सिंह, सीओ खेकड़ा