रटौल। सिंघोली तगा गांव में पिछले बीस दिन से दो सरकारी नलकूप ठप होने के कारण 150 बीघा फसल सूखने के कगार पर पहुंच चुकी है। यहां के किसान सरकारी नलकूप के भरोसे हैं और शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इसके विरोध में किसानों ने प्रदर्शन कर दोनों नलकूपों को चालू करवाने की मांग की है। सिंघोली तगा गांव में खेतों की सिंचाई के लिए दो सरकारी नलकूप लगे हुए हैं और इन नलकूपों से किसान अपने खेतों की सिंचाई करते हैं। नलकूप संख्या 154 व दूसरा नलकूप संख्या 33 नंबर है, जो तकनीकी खराबी के कारण खराब पड़े हैं। दोनों नलकूपों से किसानों की लगभग 150 बीघा जमीन में फसल की सिंचाई होती है। नलकूपों के ठप होते ही किसानों की फसल भी प्रभावित होनी शुरू हो गई है। किसान आजादवीर शर्मा, शीतल प्रसाद, राकेश प्रधान, ओमदत्त आदि ने बताया कि एक माह पहले तेज हवा के साथ आई बारिश के कारण खंभा टूट गया था और फिर वहां ट्रासंफार्मर खराब हो गया। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण नलकूप संख्या 154 तभी से ठप पड़ा हुआ है। वहीं नलकूप संख्या 33 में स्टार्टर, कटआउट, केबिल 15 दिन पहले फुंक गए थे और शिकायत करने के बाद भी नलकूपों को ठीक कराना भी ऊर्जा निगम ने जरूरी नहीं समझा। नलकूपों के खराब होने के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों की धान, ज्वार, बाजरा, ईंख व सब्जी की फसल सूख रही हैं और इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन करते हुए ऊर्जा निगम के अफसरों से नलकूपों को चालू करवाने की मांग की। इस दौरान पूर्व प्रधान राकेश शर्मा, आजादवीर शर्मा, ओमदत्त, शीतल प्रसाद, ओमदत्त आदि रहे। संवाद