संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। डीएम कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी देने वाले किसान की भूमि की सोमवार को पुलिस की देखरेख में माप-तौल कराई।
बामनौली निवासी किसान वीरेंद्र ने आरोप लगाया था कि उसकी गांव आबादी में 1518 मीटर भूमि है। चकबंदी अधिकारियों ने इस भूमि को चकबंदी से बाहर दिखाकर दूसरे किसानों का उस पर चक बना दिया गया। इससे क्षुब्ध वीरेंद्र ने एसडीएम बड़ौत, चकबंदी अधिकारी बागपत, एसपी बागपत के नाम शिकायती पत्र देकर चेतावनी दी थी कि आठ मार्च तक समस्या का समाधान न हुआ तो वह डीएम कार्यालय पर आत्मदाह कर लेगा। इस पर दोघट थाना पुलिस ने किसान को समझा बुझाकर ऐसा करने से रोक दिया उसे सोमवार सुबह ही घर से थाने बुलाया लिया था। सीओ चकबंदी कुंवर मोहम्मद अब्दुल्ला, लेखपाल कंवरपाल, कपिल कुमार को मौके पर पहुंचकर किसान की भूमि की मापतौल कराई। इंस्पेक्टर ने बताया कि किसान की भूमि की माप-तौल करा दी गई। इससे वह संतुष्ट हो गया।