बड़ौत। तहसील परिसर मेंं स्थित उप-रजिस्ट्रर कार्यालय में सोमवार को वेबसाइट में आई तकनीकी खराबी से कई बैनामों की प्रक्रिया अटक गई। लोगों ने इसको लेकर नाराजगी जताई और कर्मचारियों पर भी देरी से कार्यालय में पहुंचने का आरोप लगाया।
सोमवार को छपराैली, रमाला, किरठल, बड़ौत, वाजिदपुर, गुराना, लुहारी, लौहड्डा सहित अन्य गांवों के लोग तहसील में स्थित उप-रजिस्ट्रर कार्यालय पर अपने-अपने अधिवक्ताओं को लेकर बैनामा कराने पहुंचे, लेकिन दोपहर तक वेबसाइट की धीमी गति के चलते लोग परेशान रहे। लोगों ने आरोप लगाया कि वे पिछले कई दिनों से समय पर कार्यालय पर बैनामा कराने के लिए पहुंच रहे है, लेकिन कभी वेबसाइट में खराबी तो कभी कर्मचारियों और अधिकारियों के समय पर न पहुंचने पर उनकी बैनामा की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो रही है। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम सुभाष सिंह को भी शिकायत की और नियमित रूप से बैनामा प्रक्रिया को जारी रखने और डयूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हाल ही में यहां पर तैनाती हुई है, कभी-कभार वेबसाइट की धीमी गति से बैनामा प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है, हमारा प्रयास रहता है कि समय पर बैनामा प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। साथ ही डयूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - सुबरा राय, उप-सब रजिस्ट्रर