टीकरी में सड़क पर जलभराव, लोग परेशान
बागपत, दोघट। टीकरी की पट्टी रतराणा व धीमाना में रास्ते में जलभराव होने से लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार को प्रदर्शन कर कस्बावासियों ने जल्द से जल्द समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
लोगों ने बताया कि कस्बे में रतराणा व धिमाना में रास्ते में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। जहां काफी समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि बारिश के बाद रास्ते में पानी इकट्ठा होने से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसकी शिकायत कई बार नगर पंचायत में ईओ से लेकर अन्य अधिकारियों से भी की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। उन्होंने शनिवार को प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की। मांग करने वालों में दीपक, आमिर खान, रमन सिंह, सुभाष, शानू, राजपाल, किरणपाल, आशु, मिंटू, सरनपाल, विशाल, रोहित, अंगूरी, खातून, रोशनी मौजूद रहे।
--
ओवरफ्लो तालाबों की नहीं हुई सफाई
कस्बे में पांच तालाब हैं, जिनमें पूरे कस्बे का पानी जाता है। बरसात के चलते पांचों तालाब ओवरफ्लो हो चुके हैं और दूषित पानी सड़क पर भर रहा है। पानी की निकासी नहीं होने से कस्बे के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। - अरुण राठी
--
जलभराव में फिसल रहे दोपहिया वाहन
सड़क पर भरने वाले पानी की निकासी की व्यवस्था के लिए नगर पंचायत को व्यवस्था करनी चाहिए। जलभराव से होकर स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े खराब हो जाते हैं और दोपहिया वाहन फिसलकर गिरने से वाहन चालक घायल भी हो रहे हैं। जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाए। - सुंदरलाल
--
पानी निकासी की कराई जाए व्यवस्था
कस्बे के दूषित पानी की निकासी पहले एक नाले से की जाती थी, लेकिन अब पूरे कस्बे का पानी तालाब में डाला जा रहा है। कस्बे के पानी निकासी की व्यवस्था होने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा। - समुद्री देवी
--
वर्जन-
तालाबों से पानी निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई है। जिसका पानी नहर या फिर खेतों में छोड़ दिया जाता है। तालाबों की सफाई के लिए शासन से बजट की डिमांड की गई है, बजट मिलते ही तालाबों की सफाई करा दी जाएगी। जल्द ही सड़क पर जलभराव की समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। - सोमपाल राठी, चेयरमैन नगर पंचायत टीकरी