रटौल। कस्बे में पानी की निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बारिश से जलभराव हो गया है। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। लोगों को मकान गिरने का डर सता रहा है। कस्बे के लोगों ने नगर पंचायत से पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
कस्बे में पानी की निकासी न होने के कारण सेवानगर और प्रेमपुरी मोहल्ले की गलियों में जलभराव हो गया है। जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का रास्तों से निकलना मुश्किल हो गया है। गलियों में जलभराव होने से मकानों में दरारें आने लगी है। कस्बे के यासीन ने बताया की जलभराव से मकानों में दरारे आ गई है। जलभराव और गंदगी के कारण मोहल्ले में मच्छरों की तादाद बढ़ रही है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने एक बार तो पानी निकाल दिया था, लेकिन दोबारा पानी भरने के कारण लोग परेशान है। यूसुफ अंसारी बताया कि पानी की निकासी न होने के कारण गलियों में दो फीट तक जलभराव है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीरज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही पंप सेट लगाकर दोनों मोहल्लों का पानी निकलवाया जाएगा। पानी की निकासी की समस्या का समाधान कराने के लिए तालाब की सफाई कराई जाएगी।