बागपत, बालैनी। मतानतनगर गांव में तालाब की सफाई नहीं होने से पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर गांव की गलियों में भर गया है। जिससे लोगों का गलियों से निकलना मुश्किल है। रास्तों में जलभराव व गंदगी के कारण ग्रामीणों को संक्रमण का डर सता रहा है। कई बार मांग करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी की निकासी के लिए 25 बीघा का तालाब है। पिछले काफी समय से तालाब की सफाई और खोदाई नहीं हुई है। कई बार तालाब की सफाई कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या जस की तस है। बरसात शुरू होने पर तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर गांव के रास्तों में भर गया है, जिससे गांव में बीमारी फैलने का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने समस्या का जल्द समाधान न होने पर कलक्ट्रेट पर धरना देने की चेतावनी दी है।
कई बार उठाई मांग
तालाब की सफाई कराने के लिए कई बार मांग उठाई जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। -जयपाल
बरसात में घरों में घुस जाता है गंदा पानी
पानी की निकासी नहीं होने के कारण बरसात में तालाब ओवरफ्लो हो जाता है और गंदा पानी रास्तो से लेकर घरों तक पहुंच जाता है। -सरवन
सता रहा संक्रमण का खतरा
रास्तों में जलभराव व गंदगी होने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल है। जलभराव से मच्छर पनप रहे है, जिससे गांव में संक्रमण होने का खतरा है। -संजीव
जल्द हो तालाब की सफाई
काफी समय से तालाब की सफाई और खोदाई नहीं हुई है। कई बार तालाब की सफाई कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ है। - राजवीर
- अधिकारियों को कई बार शिकायत कर चुके है कि तालाब ओवरफ्लो होने के कारण समस्या हो रही हैं। इसके बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिलाधिकारी को समस्या से अवगत कराया जाएगा। जयकुमार, प्रधान मतानतनगर