बागपत के काठा गांव में यमुना का बढ़ता जलस्तर देखने पहुंचे डीएम राजकमल यादव
- फोटो : BAGHPAT
जलस्तर की निगरानी, 11 बाढ़ चौकियां बनाईं
बागपत। जिले में यमुना और हिंडन नदी में जलस्तर की निगरानी के लिए 11 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। नदियों में जलस्तर बढ़ने या बाढ़ संबंधी सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। शनिवार को डीएम राजकमल यादव ने काठा में बनाए गए तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए।
यमुना व हिंडन नदी में जलस्तर की सतत निगरानी के बनाई गई 11 बाढ़ चौकियों पर 24 घंटे कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कर्मचारियों को दोनों नदी में 24 घंटे जलस्तर की निगरानी रखने और नदियों में जलस्तर के बढ़ने पर तुरंत कंट्रोल रूम में सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। कोई भी व्यक्ति कंट्रोल रूम के 0121-2220520 नंबर पर फोन कर बाढ़ संबंधी सूचना दे सकता है।
शनिवार को डीएम राजकमल यादव ने काठा में यमुना के जल स्तर और सिंचाई विभाग की ओर से बनाए गए तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बाढ़ नियंत्रण के लिए 24 घंटे जलस्तर की निगरानी करने के निर्देश दिए।