बारिश के बाद फखरपुर रेलवे अंडर पास में हुआ जलभराव
- फोटो : BAGHPAT
खेकड़ा/अग्रवाल मंडी टटीरी/रमाला। बारिश के बाद रेलवे अंडरपास में जलभराव हो गया है, जिससे वहां के निकलने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अंडरपास में जलभराव होने के कारण पैदल जाने वाले लोग मजबूरी में रेलवे लाइन के ऊपर से निकले। ग्रामीणों ने रेलवे से अंडरपास के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
कस्बा अग्रवाल मंडी क्षेत्र में सूरजपुर महनवा व बली रेलवे फाटक, ब्राह्मण पुट्ठी में अंडरपास बनाए गए हैं। बरसात के बाद अंडरपास में पानी भर गया। सूरजपुर महनवा निवासी मास्टर रामकुमार शर्मा ने बताया कि अंडरपास में पानी निकासी नहीं होने के कारण खेतों से चारा लाने व आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बार रेलवे से शिकायत की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ। ब्राह्मण पुट्ठी के पूर्व प्रधान नीरज पंडित ने अंडरपास में पानी निकासी की व्यवस्था और टिन शेड डलवाने की मांग की है।
खेकड़ा के फकरपुर अंडरपास में जलभराव होने के कारण फकरपुर के अलावा फिरोजपुर, अहमदनगर, नंगला बढ़ी, गोठरा और रटौल जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को अंडरपास में भरे गंदे पानी से निकलने के लिए मजबूर होना पड़ा। रमाला क्षेत्र में छह अंडरपास हैं। इनमें न तो टिन शेड लगवाए गए हैं और न ही पानी की निकासी का इंतजाम कराया गया है। शनिवार शाम से रात भर हुई बारिश के बाद कंडेरा जिवानी अंडरपास, जिवाना अंडरपास, असारा अंडरपास, बुढ़पुर अंडरपास में तीन से पांच फिट तक पानी भर गया। वहां से गुजरने पर दुपहिया और अन्य वाहन बंद हो गए। लोगों को दूसरी ओर जाने को जान जोखिम में डालकर लाइन पार करनी पड़ी रही है। ग्रामीण नरेंद्र सिंह, मनोज, नसीम, जमील, सुभाष, रोहन, तिलक सिंह, अजय, गुलाब , त्रिवेंद्र ने समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।