बच्चों को पिलाई जाएगी विटामिन ए की खुराक
बागपत, खेकड़ा। बाल स्वास्थ्य पोषण माह के अंतर्गत नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। बच्चों को आयरन सीरप व शिविर स्थलों पर माताओं को बच्चों के पोषण संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
खेकड़ा सीएचसी पर मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकेश कुमार ने सीएचओ और एएनएम की बैठक ली। कहा कि ब्लाक क्षेत्र में तीन अगस्त से बाल स्वास्थ्य पोषण माह मनाया जाएगा। तीन सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में नौ माह से पांच वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में खासकर ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों में कुपोषण को रोकना है। इस अभियान के अंतर्गत समस्त उपकेंद्रों पर लगने वाले टीकाकरण सत्र के साथ ही विशेष सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा।
बताया कि बच्चों को विटामिन-ए की नौ खुराक देने का प्रावधान है। नौ से 12 माह तक के बच्चों को एमआर प्रथम टीके के साथ आधा चम्मच विटामिन-ए, 16 से 24 माह तक के बच्चों को एमआर दूसरे टीके के साथ पूरा चम्मच तथा दो से पांच वर्ष तक के बच्चों को छह-छह माह के अंतराल पर पूरा चम्मच विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। विटामिन-ए से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने के साथ ही कोविड और रतौंधी से भी बचाव होगा।
अभियान के दौरान लोगों को आयोडीन युक्त नमक का सेवन करने और स्तनपान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। कुपोषित बच्चों की पहचान कर पोषण पुनर्वास केंद्र पर भर्ती कर उपचार कराकर कुपोषित श्रेणी से बाहर निकाला जाएगा। इस दौरान मोनू कुमार, सीएचओ विजयपाल, बीएमसी शमशाद अली, एएनएम पुष्पा पटेल, सुमन गोस्वामी, रंजना राय, सविता यादव, अन्नू, स्नेहा, रेमन, सपना सांगवान, सोनू राठी आदि मौजूद रहे।