- जिला अस्पताल के वार्ड में 22 में 18 मरीज बुखार के भर्ती, बच्चें भी हो रहे बीमार
- बुखार आने के साथ प्लेट्लेटस भी हो रही कम, छह से सात दिन कर रहा परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में वायरल का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है तो अब बच्चे भी वायरल की चपेट में काफी आ रहे हैं। वायरल छह से सात दिन तक परेशान कर रह रहा है। जिला अस्पताल में 18 मरीज बुखार के भर्ती है, जिनको कई दिन से बुखार आ रहा था और अब उनको वहां भर्ती कराना पड़ा। चिकित्सक लोगों को बीमारी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दे रहे है।
मौसम में बदलाव आने से बढ़ा वायरल बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बुखार के मरीज बढ़ने से जिला अस्पताल के वार्ड में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में 30 बेड है और वहां 22 मरीज भर्ती है और इनमें से दो मरीज डेंगू, जबकि 16 मरीज वायरल बुखार के भर्ती है। अस्पताल में भर्ती बुखार के 16 मरीजों में पांच बच्चें शामिल है। चिकित्सक सामान्य मरीजों को दवाई देकर घर पर आराम करने की सलाह दे रहे है, जबकि गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि वायरल बुखार लोगों को छह से सात दिन तक परेशान कर रहा है। वायरल होने पर शरीर में दर्द के साथ प्लेटलेट्स भी कम हो रही है।
वायरल के लक्षण
-तेज बुखार आना
-सिर, हाथ और पैरों में दर्द
-कमजोरी महसूस होना
-सूखी खांसी या बलगम आना
-जुकाम होना भी वायरल के लक्षण हैं
ऐसे करे बचाव
-पानी को उबालकर पिएं
-ताजी सब्जी और फलों का सेवन करें
-पेय पदार्थो का अधिक सेवन करें
-फास्ट फूड का सेवन करने से बचे
-घर से बाहर जाते समय मास्क का प्रयोग करें
-पूरी आस्तीन के कपड़े पहने
-रात में मच्छरदानी का प्रयोग करें
-चिकित्सक की सलाह के बगैर दवाई का सेवन न करें
मौसम में बदलाव आने से वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। अस्पताल में आने वाले मरीजों का जांच के बाद उपचार कराया जा रहा है। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है। -डॉ. एसके चौधरी, सीएमएस