बागपत। नगर में चमरावल रोड पर बुधवार शाम पांच-छह युवकों ने पुलिस के सामने ही जमकर उत्पात मचाया। वहां एक दुकान व कई ठेलियों में तोडफ़ोड़ की तथा विरोध करने पर मारपीट की गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, अन्य को जल्द ही पकड़ने का दावा किया है।
चमरावल रोड पर बुधवार शाम को पांच-छह युवक पहुंचे। वहां मलिक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में सरिये से तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। दुकान मालिक नईम मलिक व आस मोहम्मद उर्फ आसू ने विरोध किया। हमलावरों उन्हें भी हमला करके घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर युवकों ने निजाम के बीड़ी-सिगरेट के खोखे, शौकीन व वाहिद की चाऊमीन की ठेली, बिलाल की अंडों की ठेली व गोलगप्पों की ठेली में तोडफ़ोड़ की। वहीं, सामान सडक़ पर फेंक दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। ठेलीवालों व दुकानदारों ने भागकर जान बचाई। र्कई दुकानदारों ने उत्पात देख दुकानों के शटर गिरा दिए। शोर सुनकर राष्ट्र वंदना चौक से पुलिसकर्मी पहुंचे परंतु युवक उनके सामने भी ठेली में तोडफ़ोड़ करते रहे।
इसके बाद पुलिस फोर्स को आता देख हमलावर युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी भागने में कामयाब रहे। इस घटना से दहशत का माहौल है। यह बताया जा रहा है कि आरोपी पास के एक गांव के रहने वाले हैं और अवैध वसूली के लिए दबाव बनाने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया है। वहीं, सीओ अनुज मिश्रा का कहना है कि एक युवक को पकडक़र बाइक बरामद की है। अन्य आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।