बागपत जिले के गांवों को जगमग करने के लिए 30.37 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए गांवों में 200 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएगी। शासन से राज्य अनुदान कार्यक्रम के तहत सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाने का लक्ष्य जारी होने के बाद अफसरों ने भी तैयारी शुरू कर दी। जिसके लिए ब्लॉकों से सोलर स्ट्रीट लाइटों के प्रस्ताव मांगे गए हैं।
उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अधिकरण विभाग को राज्य अनुदान कार्यक्रम के तहत जिले में 200 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाने का लक्ष्य आवंटित किया गया। जिसमें एक लाइट पर सात हजार 100 रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
शासन से 200 लाइटें लगवाने का लक्ष्य मिलने के बाद सीडीओ ने जिले के छह ब्लाॅकों के बीडीओ को पत्र जारी किया और हर ब्लाॅक की ग्राम पंचायतों में 30 से 35 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जारी किए है।
एक स्ट्रीट लाइट पर खर्च होंगे 15 हजार 189 रुपये
ग्राम पंचायतों में लगने वाली सोलर स्ट्रीट लाइट की कीमत 22 हजार 289 रुपये है। जिस पर राज्य अनुदान कार्यक्रम से सात हजार 100 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। जिसके लिए ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत या फिर जिला पंचायत के बजट से 15 हजार 189 रुपये खर्च किए जाएंगे।
राज्य अनुदान कार्यक्रम के तहत जनपद में 200 सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने का लक्ष्य मिला है। जिसके लिए प्रस्ताव मांगे गए है। प्रस्ताव मिलने पर ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत से बजट खर्च कर लाइटें लगवाई जाएंगी।