बागपत, दाहा। निरपुड़ा गांव के बिजलीघर पर तीसरे दिन ग्रामीणों का धरना जारी रहा। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को बिजलीघर पर पंचायत करने का निर्णय लिया।
निरपुड़ा गांव के ग्रामीणों ने आबादी के बीच रखे गए ट्रांसफार्मर गांव के अंदर से हटाने, हाईटेंशन लाइन को गांव से हटाने, गांव के बाहर नहर की पटरी के किनारे बिछाई जा रही लाइन का कार्य रोकने, बिजली केंद्र पर खराब पड़ी मशीन को बदलवाने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना जारी रखा। कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं तब तक धरना चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को बिजलीघर पर पंचायत की जाएगी और पंचायत में आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। यदि जरूरत पड़ी तो बिजलीघर पर ताला लगा देंगे। इस दौरान बिजेंद्र राणा, रामबली, रणपाल, सोनू राणा, पुष्पेंद्र, शकील, सहदेव, जवाहर सिंह, महेंद्र, अंकित, मोहित राणा, शनि, सतबीर मौजूद रहे।
- बिजली आपूर्ति रही बाधित, गर्मी से परेशान हुए लोग
दाहा। टीकरी कस्बे में बिजली लाइन बदलने का कार्य चल रहा है। जिससे कस्बे की पट्टी दाबड़ा की विद्युत सप्लाई सुबह दस बजे से साढ़े 12 बजे तक बाधित रही। इसकी वजह से कस्बे के लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा। एसडीओ बड़ौत द्वितीय रजत गुप्ता ने बताया बिजली लाइन बदलने का कार्य चलने के कारण ढ़ाई घंटे बिजली बाधित रही।