इब्राहिमपुर माजरा गांव में नलकूपों पर बिजली मीटर के विरोध में पंचायत करते किसान
- फोटो : BAGHPAT
नलकूपों पर मीटर लगाने के विरोध में ग्रामीणों की पंचायत
बागपत, रमाला। विद्युत समस्या व नलकूप पर मीटर लगाने के विरोध में मंगलवार को इब्राहिमपुर माजरा गांव में ग्रामीणों की पंचायत हुई। इसमें किसानों ने कहा कि सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। चुनाव में बिजली फ्री करने की घोषणा करने के बाद भी बिजली की दरों में वृद्धि की जा रही है।
इब्राहिम पुर माजरा गांव में सोमवार को ऊर्जा निगम की ओर से कुछ नलकूपों पर मीटर लगवाए गए थे। इसके विरोध में गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों की पंचायत हुई। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि सरकार अपने वादों से मुकर गई है। सरकार जनता से किए वादे पूरे नहीं कर रही है। विद्युत दरों में वृद्धि, पावर वृद्धि और अब किसानों के नलकूपों पर मीटर लगाए जा रहे हैं। किसान नेता मुनेश बरवाला ने कहा कि नलकूपों पर किसी भी कीमत पर मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे। बिजली चोरी पकड़ने के नाम पर किसी भी विद्युतकर्मी का घरों में घुसने का विरोध किया गया। इस बारे में जल्द ही एसपी से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग की जाएगी। इस मौके पर ब्रजपाल सिंह, पूर्व प्रधान शोकिंद्र, चौधरी कृषिपाल, तेजपाल, आनंद छिल्लर, सुरेश, पप्पन, पालेराम, राजेंद्र चौधरी, शशि, बिजेंद्र, धर्मपाल सिंह, राजीव कुमार मौजूद रहे।