जिवाना के शिव मंदिर में पुजारी व ग्रामीणों से जानकारी लेते सीओ।
बिनौली। जिवाना गुलियान गांव में सोमवार शाम दूसरे समुदाय की महिला द्वारा शिव मंदिर में शिवलिंग पर पान चढ़ाने पर ग्रामीण भड़क गए। सूचना पर पहुंचे सीओ ने मामले की जांच शुरू की।
जिवाना गांव में स्थित शिव मंदिर अखाड़ा से एक महिला को किसी ग्रामीण ने निकलते हुए देख लिया। शक होने पर मंदिर में जाकर देखा तो शिवलिंग पर पान रखा मिला। जिसकी सूचना उसने ग्रामीणों को दी तो गांव में शिवलिंग को खंडित करने की अफवाह फैल गई। इस पर मंदिर में ग्रामीणों ने एकत्र होकर आक्रोश जताया। सूचना पर पुलिस संबंधित महिला को थाने ले आई। सूचना पर सीओ बागपत विजय चौधरी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। उन्होंने पुजारी विकास पंडित और ग्रामीणों से जानकारी ली तो जांच में मामला कुछ ओर निकला। सीओ ने बताया कि शिवलिंग को खंडित करने वाली बात गलत है। महिला की पौत्री बीमार चल रही थी। किसी ने उसे ठीक होने पर शिवलिंग पर पान चढ़ाने को कह दिया। इत्तेफाक से वह ठीक हो गई तो वह अपनी पोत्री को साथ लेकर मंदिर में पान चढ़ाने गई थी। उधर ग्रामीणों ने भी पुलिस को मामले में कोई कार्रवाई न करने का लिखित प्रार्थना पत्र दिया।