दोघट (बागपत)। एक गांव में कक्षा तीन की छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर आरोपी को पकड़वाने पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उधर पुलिस आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव की कक्षा तीन की छात्रा 18 जुलाई की शाम स्कूल के बाद में ट्यूशन पढ़ने गई थी। जहां स्कूल संचालक के बेटे पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास का आरोप लगाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने थाने के गेट पर बृहस्पतिवार को धरना भी दिया। इसके बाद भी आरोपी को पता नहीं लगा तो शुक्रवार को ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर आरोपी का फोटो अपलोड कर उसकी जानकारी देने पर दस हजार रुपये के इनाम की घोषणा की। भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी नरेश पाल सिंह ने अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस मामले में थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी पर इनाम घोषित किया जाने की सूचना नहीं है। आरोपी की तलाश में दो टीमें लगाई गई है।