संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। राजपुर खामपुर गांव में मंगलवार सुबह घर के बाहर खेलते समय बच्चों में हुए झगड़े को शांत करने गए व्यक्ति का हाथ पड़ोसी युवक ने दरांती से काट दिया और भाग निकला। परिजन घायल को लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के परिजनों ने पड़ोसी युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
राजपुर खामपुर गांव निवासी शहजाद पुत्र उमरदीन का सात वर्षीय पुत्र अरमान मंगलवार सुबह पड़ोसी युवक के बच्चे के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उनमें कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। इस पर शहजाद उन्हें शांत कराने गया। इसी दौरान पड़ोसी युवक वहां आया और गालीगलौज करने लगा। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने शहजाद पर दरांती से वार कर दिया। जिसमें शहजाद का हाथ कटकर जमीन पर जा गिरा। घटना के बाद आरोपी भाग निकला।
इसकी जानकारी पाकर घायल के परिजन मौके पर पहुंचे। उसे लेकर सीएचसी गए। वहां से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सीओ युवराज सिंह का कहना है कि दूसरे पक्ष ने भी कोतवाली में तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।