बागपत। जिले में जातिसूचक शब्द लिखे वाहनों को खूब दौड़ाया जा रहा है। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस उनपर कोई कार्रवाई तक नहीं कर रही है। हालांकि परिवहन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि विभाग की ओर से चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
वाहन एक्ट के अनुसार नंबर प्लेट पर नंबर के अलावा कुछ भी लिखवाना गैर कानूनी है। इसके अलावा वाहन के शीशे पर भी जाति सूचक शब्द नहीं लिखवाए जा सकते हैं। इसके बावजूद कुछ लोग अपनी बाइक और गाड़ियो की नंबर प्लेट पर जातिसूचक शब्द लिखवा रहे हैं। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करनी होती है। इसके बावजूद यहां ऐसे वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं होती दिख रही है।
अधिकारियों का अभियान चलाने का दावा
परिवहन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद लोग मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नंबर प्लेट पर नंबर के अलावा अन्य कुछ लिखा होने के कारण कई बार ऑनलाइन चालान करने में भी परेशानी होती है। केंद्र सरकार ने वाहनों की नंबर प्लेट पर जातिसूचक शब्द खिलवाने पर वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए है।
वाहनों की नंबर प्लेट पर जातिसूचक शब्द लिखने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। - एके राजपूत, एआरटीओ प्रवर्तन