चांदीनगर। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर लहचौड़ा गांव के पास बुधवार रात कार का टायर बदल रहे ट्रांसपोर्टर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसकी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पिलखुवा के शिवाजी नगर का रहने वाला मुकेश (45) पुत्र सोमदत ट्रांसपोर्ट चलाते थे। बुधवार रात हरियाणा के सोनीपत जनपद के गन्नौर से कार से वापस पिलखुवा लौट रहा था। बताया कि जैसे ही वह लहचौड़ा गांव के पास पहुंचा तो टायर पंचर हो गया। मुकेश कार साइड में लगाकर टायर बदलने लगे। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने मुकेश को टक्कर मार दी। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिवार वाले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। थाना प्रभारी का कहना है कि अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।