संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। टीकरी सीएचसी पर तैनात चिकित्सक के एक सप्ताह से ओपीडी में आने पर सोमवार को मरीजों ने हंगामा प्रदर्शन किया। यहां मरीजों ने सीएमओ से शिकायत करने की चेतावनी दी।
टीकरी कस्बे की सीएचसी में पहुंचे मरीजों ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार, खांसी समेत अन्य बीमारियों का इलाज कराने के लिए सीएचसी पर चक्कर लगा रहे हैं। यहां चिकित्सक नहीं आते हैं। यहां सिर्फ फार्मासिस्ट ही मिलता है। वह मरीजों को दवा देकर भेज देता है। उन्होंने इंजेक्शन लगाने के लिए दस रुपये लेने का आरोप लगाया। मरीजों ने हंगामा कर जल्द से जल्द चिकित्सकों को नियमित सीएचसी पर भेजने की मांग की। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी भी दी।
उधर, बिनौली सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार का कहना है कि जल्द ही चिकित्सक की व्यवस्था करा दी जाएगी। मरीजों की सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। हंगामा करने वालों में योगेंद्र, श्यामो, ओमपाल, प्रीति, प्रियंका, योगेश, पिंटू, मूर्ति, मुकेश आदि शामिल रहे।