खेकड़ा। कोरोना पॉजिटिव महिला मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने खेकड़ा नगर स्थित कोविड अस्पताल को महिला कोविड़ अस्पताल में परिवर्तित कर दिया है। यहां भर्ती पुरुषों को अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित सर्वोदय कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। सोमवार की शाम खेकड़ा कोविड अस्पताल में भर्ती छपरौली निवासी एक कोरोना मरीज को टीम अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया जाने लगा। मरीज ने इसके विरोध में हंगामा खड़ा कर दिया। कहा कि वह स्वस्थ होने तक इसी अस्पताल में रहेगा। इसके बाद उसने वार्ड का अंदर से दरवाजा भी बंद कर लिया। प्रभारी चिकित्सक डा ताहिर ने उसे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं माना। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ कोविड अस्पताल पहुंचे और सख्ती दिखाते हुए उसे एंबुलेंस से टटीरी स्थित अस्पताल भिजवाया।