युवती के अश्लील फोटो वायरल करने पर थाने में हंगामा
खेकड़ा। क्षेत्र की एक युवती के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू जागरण मंच और भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की।
एक माह पूर्व खेकड़ा की एक नाबालिग छात्रा को लोनी थाने के ग्राम बेहटा का रहने वाला दूसरे संप्रदाय का युवक बहला फुसला कर ले गया था। पुलिस ने तभी छात्रा को बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया था। आरोपी अब जमानत पर आया है। छात्रा के पिता का आरोप है कि जेल से छूटकर आरोपी ने उन्हें फोन कर छात्रा को उसके पास भेजने की बात कही। ऐसा न करने पर उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीड़िया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिए।
बुधवार को हिंदू जागरण मंच और भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रियंका आर्या, सुमित बैसला, संदीप प्रजापति, हर्ष भारद्वाज, भूपेंद्र बैसला, नितिन कुमार, पीयूष नैन, रामकुमार आर्य, राहुल कुमार, राजीव कुमार, योगेश आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।