बड़ौत। असारा गांव के समीप अंडरपास में जलभराव के चलते कई दिन से आधा दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन बंद है। इससे क्षुब्ध युवाओं ने बृहस्पतिवार को अंडरपास के निकट एकत्रित होकर हंगामा-प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की। युवाओं ने बताया कि अंडरपास के निर्माण के दौरान पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई। जिस कारण हल्की बरसात में भी अंडरपास में पांच से छह फीट तक पानी भर जाता है। असारा निवासी आरिफ चौहान ने बताया कि अंडरपास में जलभराव की समस्या होने से असारा, हिम्मतपुर, सुजती, टीकरी, दोघट, गांगनौली समेत आधा दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन तीन दिन से बंद है। उन्हें अंडरपास के पार खेतों में जाने के लिए परेशानी हो रही है। उन्होंने समस्या से जल्द निजात दिलाए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में बिजेंद्र, सुभाष, रवींद्र, अशोक, संजीव, प्रमोद, आकाश, आबिद, इमरान, जावेद, उस्मान शामिल रहे।