बागपत। कोरोना संक्रमण के कारण गन्ना विभाग ने पर्चियों की छपाई बंद कर दी है। ऐसे में किसानों को मोबाइल पर मेसेज के माध्यम से पर्ची भेजी जा रही है। मगर, मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने के कारण किसानों तक सुविधा नहीं पहुंच रही हैं। डीसीओ अनिल कुमार ने बताया कि किसान ई-गन्ना एप पर जाकर अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर लें, इससे पर्चियां मिलनी शुरू हो जाएगी। डीसीओ ने बताया कि ई-गन्ना एप पर किसान अपना खाता खोलें। किसान को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। मोबाइल नंबर बदलने का विकल्प भी एप पर उपलब्ध है। किसानों को अगर फिर भी दिक्कत है तो संबंधित सोसायटी के सचिव से संपर्क कर सकते हैं। किसानों से आह्वान किया गया है कि मोबाइल का मेसेज बॉक्स खाली रखें। इससे भी संदेश मिलने में आसानी होगी। भाजपा के बड़ौत विधायक केपी मलिक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नियमित रूप से चीनी मिल चलवाने और गन्ना आपूर्ति निर्बाध रूप से कराने की मांग की है।