बागपत। बिजली नहीं होने पर भी अंधेरा दूर हो सके, इसके लिए सोलर लाइट लगाने के लिए तीन महीने पहले अफसरों ने करीब 100 गांवों से 21 लाख रुपये से ज्यादा एडवांस दिला दिए मगर तीन महीने बाद भी गांवों में लाइट नहीं लगने से ग्राम प्रधान व सचिव पहले ही भुगतान करके परेशानी में आए हुए हैं।
गांवों में बिजली नहीं होने पर भी रात को रोशनी रहे, उसके लिए सार्वजनिक जगहों पर सोलर लाइट लगवाने की योजना बनाई गई। इसके लिए यूपी नेडा को तीन महीने पहले एक लाइट के लिए करीब 14 हजार रुपये के हिसाब से एडवांस में भुगतान करा दिया गया। इस तरह करीब सौ गांवों से भुगतान कराया गया, जिनमें 150 लाइटें लगनी है। यूपी नेडा ने एडवांस लेने के बाद भी गांवों में सोलर लाइट नहीं लगवाईं। अब ग्राम प्रधानों व सचिव अधिकारियों पर दबाव देकर एडवांस भुगतान कराने और लाइटें नहीं लगवाने का आरोप लगा रहे हैं।
कुछ अधिकारियों के कहने पर दो लाइटों के लिए भुगतान पहले ही कर दिया गया था। लेकिन अभी तक लाइटें नहीं लगीं। इस प्रकरण में कई गांवों के प्रधान जल्द ही डीएम से मिलेंगे। - दीपक चौधरी, प्रधान मवीकलां
गांव में दो लाइट लगवाने के लिए यूपीनेडा को पहले ही भुगतान कर दिया गया था, लेकिन अभी तक लाइटें नहीं लगाई गई। इस कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। - प्रदीप शर्मा, प्रधान लहचौड़ा
-
जिलेभर में करीब 150 लाइटें लगाई जाएंगी। सभी लाइटें खरीदी जा चुकी है। लाइटें लगाने की जगहों की सूची नहीं मिलने पर समस्या बढ़ गई है। लगातार सचिवों, एडीओ और बीडीओ से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही सभी गांवों में लाइटें लगवा दी जाएगी। प्रमोद शर्मा, जिला समन्वयक यूपीनेडा
अगर यूपी नेडा ने सामान खरीदने के लिए लिखित में पत्र देकर रुपये मांगे हैं तो वे दिए जा सकते हैं। अभी तक गांवों में सोलर लाइटें लगा देनी चाहिए थीं। लाइटों को क्यों नहीं लगाया जा रहा है और भुगतान के लिए पहले पत्र दिया गया था या नहीं। इस बारे में जांच कराई जाएगी। - अमित त्यागी, एडीपीआरओ