रोशनगढ़ में क्षतिग्रस्त हुआ मकान
- फोटो : BAGHPAT
रोशनगढ़ में भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान
बागपत, बालैनी। रोशनगढ़ गांव में मंगलवार की सुबह दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मकान में बैठी महिला व उसके दो बच्चे बाल-बाल बच गए। जिन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। मकान गिरने के बाद पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की।
रोशनगढ़ गांव के रहने वाले यशपाल ने बताया कि दो दिन लगातार बारिश के कारण उसके दो मंजिला मकान में दरार आ गई थी और कुछ क्षतिग्रस्त भी हो गया था। मंगलवार की सुबह उसकी पत्नी व दो बच्चे मकान में बैठे हुए थे, तभी दो मंजिला मकान भरभराकर गिरने लगा। जिसे देखते ही पत्नी व दोनों बच्चों ने भागकर जान बचाई। यशपाल ने नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की। राजस्व निरीक्षक मोहित तोमर का कहना है कि मकान गिरने की जानकारी मिली है, जिसकी रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेजी जाएगी।